फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को लेकर अहम फैसले लिए गए। बैठक में करीब 50 लाख रुपये के सीसी रोड और नाला निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को ध्वनिमत से मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ब्लॉक प्रमुख किरन यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कुरतरा, रूकुमपुर, अगरास, खिरका जगतपुर समेत विभिन्न गांवों के क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में एक और महत्वपूर्ण मुद्दा ग्राम पंचायतों के प्रधानों और वीडीसी सदस्यों के कार्यकाल से जुड़ा रहा। आगामी 25 मई को समाप्त हो रहे कार्यकाल को बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित प्रस्ताव भी सदन में रखा गया, जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
इसके अलावा, लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने पर सदन में नाराजगी व्यक्त की गई। इस मुद्दे पर निंदा प्रस्ताव पारित कर इसे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी आशीष पाल, भाजपा नेता सत्येंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, एडीओ और ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का माहौल विकास और जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रहा, जहां क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर गंभीरता से विचार किया गया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली