राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के इंदिरा गांधी वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड की कन्याओं एवं वरिष्ठ नागरिक त्रिवेणी परौहा के करकमलों से हुआ। इस मौके पर महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी सहित एमआईसी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि प्रस्तावित विकास कार्य वार्ड के समग्र उन्नयन में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योजनांतर्गत शिव मंदिर से राजू नायक होते हुए राजाराम पटेल तक लगभग 14.33 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को जर्जर मार्गों से राहत मिलेगी।
इसके अलावा कुठला क्षेत्र में मेन रोड से राधा मंदिर तक करीब 4.78 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा, जो बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने में सहायक होगा तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा।
वहीं शिवाजी नगर क्षेत्र में अजय मलिक से शैलेन्द्र के निवास तक लगभग 16.62 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण किया जाएगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और गंदे पानी के जमाव से लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद एवं सुरेंद्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि व वार्डवासी मौजूद रहे।
अंत में महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग दें और अपने क्षेत्र को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने में सहभागिता निभाएं, ताकि योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।