सिद्धार्थनगर।
नगर पंचायत भारत भारी के मोतीगंज चौराहा स्थित पुलिस चौकी के सामने मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
मृतक की पहचान गणेश पुत्र दिलीप कुमार, निवासी परसोहिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गणेश किसी कार्य से जा रहे थे, तभी मोतीगंज चौराहे पर अचानक सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोतीगंज चौराहा नगर पंचायत भारत भारी का सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्ततम चौराहा है, जहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके, कई बार शिकायत और मांग के बाद भी यहां स्पीड ब्रेकर का निर्माण नहीं कराया गया है। लोगों में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते यहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। अब एक बार फिर से लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग तेज कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।