सौसर
जिला छिन्दवाड़ा/पाण्डुरना के जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल सिंह बघेल के गौरवपूर्ण सेवानिवृत्ति के अवसर पर विकासखण्ड सौसर के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारीगण द्वारा स्थानीय जायसवाल लॉन, सौसर में एक भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री विजय चौरे थे। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व राज्य मंत्री (स्कूल शिक्षा) श्री नानाभाऊ मोहोड़, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि श्री फारूखी सर तथा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री भास्कर गावंडे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गणेश परतेती प्राचार्य द्वारा शारदा वंदना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा श्री बघेल जी का पुष्पहार, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में श्री बघेल जी के दीर्घ सेवाकाल, उनके अनुकरणीय कार्यों एवं शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
मुख्य अतिथि श्री विजय चौरे ने कहा कि श्री बघेल जी ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सराहनीय प्रयास किए। पूर्व मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने उनके प्रशासनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं कर्मठता की प्रशंसा करते हुए उन्हें शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री भास्कर गावंडे ने अपने संबोधन में कहा कि श्री बघेल जी का मार्गदर्शन सदैव शिक्षकों एवं अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक रहा है। उनके नेतृत्व में विकासखण्ड सौसर में कई शैक्षणिक गतिविधियों एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ। प्राचार्य शैलजा बत्रा, लहू सरोदे, आशीष जायसवाल, सदाशिव खंडाईत द्वारा डीईओ बघेल को दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए बधाई दी है।
इस अवसर पर गोपाल सिंह बघेल ने अपने संबोधन में सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में कार्य करना उनके लिए गौरव एवं संतोष का विषय रहा है। उन्होंने सभी से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिससे समारोह का वातावरण भावुक एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रदीप गौहत्रे एवं श्रीमती जिलेशा बनसोड मैडम द्वारा किया गया।अंत में आभार प्रदर्शन श्री जीतेश काले द्वारा किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर प्राचार्य आलिया अली, विजय कुमार धुरडे, संदीप जायसवाल, संजय गवनेकर, प्रमोद लोनारे, लहु सरोदे, कीर्तिसागर बागडे, शशि वाहाने, राजेश भोजने एवं विकासखण्ड सौसर के समस्त प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इंडियन नैशनल न्यूज
राजेश चौधरी पांढुर्णा