सहारनपुर। नगर के महापौर डॉ. अजय सिंह जी एवं स्थानीय पार्षद राहुल झाम्ब ने आज अंशुमन के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त कर ढांढस बंधाया। इस दौरान महापौर डॉ. अजय सिंह जी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा, “नगर निगम सहारनपुर इस दुःख की घड़ी में अंशुमन के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। मासूम अंशुमन के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर हर संभव प्रयास किया जाएगा।” महापौर ने तत्काल प्रभाव से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया तथा केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषी को शीघ्र फांसी की सजा दिलाने की मांग की। स्थानीय पार्षद राहुल झाम्ब ने कहा कि “जब तक अंशुमन को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। यह केवल एक परिवार की नहीं, पूरे सहारनपुर की लड़ाई है।” केशव मंडल अध्यक्ष गोपाल मेहंदीरता, पार्षद कृष्ण कुमार बत्रा जी, पार्षद प्रतिनिधि अक्षु छाबड़ा, वरिष्ठ समाजसेवी अनीश मिगलानी, शक्ति केंद्र संयोजक सागर पुंडीर, संजय गांधी उपस्थित रहे।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़