अशोकनगर।
ब्यूरो चीफ गिरीश रघुवंशी।
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से अशोकनगर यातायात पुलिस द्वारा असुरक्षित तरीके से सामग्री परिवहन करने वाले मालवाहक ऑटो एवं लोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अशोकनगर विवेक शर्मा के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी अजीत सिंह नरवरिया के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान कुछ वाहनों में लोहे की चादर, सरिया, पाइप सहित अन्य लंबी सामग्री वाहन की बॉडी से बाहर निकली हुई मिली। पुलिस के अनुसार इस तरह की लोडिंग से सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार विगत दिनों में 14 वाहन चालकों पर ₹8,500 की कार्रवाई की गई, जबकि 18 सितंबर 2026 को 30 वाहन चालकों के खिलाफ ₹15,800 के चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों को सामग्री सुरक्षित तरीके से रखने, वाहन की निर्धारित क्षमता के अनुसार ही लोडिंग करने तथा सरिया, पाइप और लोहे की चादर जैसी लंबी सामग्री को असुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर परिवहन नहीं करने की समझाइश दी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं मालिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित लोडिंग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार असुरक्षित लोडिंग से सड़क पर अन्य लोगों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसी चेकिंग और नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।