फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। कस्बे में मंगलवार आधी रात उस समय सनसनी फैल गई जब उत्तराखंड पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अचानक छापामार कार्रवाई की और किराए के मकान में रह रहे एक दंपति को हिरासत में ले लिया। दबिश की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के अनुसार, उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना के सिलसिले में पुलिस को सुराग मिला था कि संदिग्ध दीपक गुप्ता (निवासी सितारगंज, रुद्रपुर) अपनी पत्नी के साथ फतेहगंज पश्चिमी के कस्बे में किराए पर रह रहा है। मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से देर रात छापा मारकर दोनों को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम रात में ही दंपति को रुद्रपुर लेकर गई थी। हालांकि बुधवार सुबह पुलिस उन्हें दोबारा फतेहगंज पश्चिमी लाई और उनकी निशानदेही पर मकान व आसपास के स्थानों की तलाशी ली। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि तलाशी के दौरान चोरी गया कोई भी सामान बरामद नहीं हो सका।
इस पूरी कार्रवाई के बाद कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं—क्या यह पुलिस का पुख्ता इनपुट था या फिर किसी गलत सूचना के आधार पर उठाया गया कदम? फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और दंपति से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। वहीं, अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके के लोगों में दहशत और जिज्ञासा दोनों बनी हुई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली