राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार को नगर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मैदानी अमले को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में बताया गया कि नगर विकास के लिए स्वीकृत 396 कार्यों में से अब तक 111 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। निगमायुक्त ने अप्रारंभ कार्यों, लंबित अनुबंध एवं भुगतान संबंधी मामलों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर वर्षा ऋतु से पूर्व कार्य पूरे कर लिए जाएं। साथ ही सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कर नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
फिश पार्लर निर्माण के संबंध में जानकारी दी गई कि पुरैनी स्थित फल मंडी के पास स्थल चयन एवं लेआउट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पर निगमायुक्त ने निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
वार्डवार समीक्षा में सख्ती
निगमायुक्त ने सभी वार्डों के स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधोसंरचना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन मामलों में अनुबंध लंबित हैं, उनमें संबंधितों को नोटिस जारी कर त्वरित कार्रवाई करने, अन्यथा ब्लैकलिस्ट की कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए गए।
जलभराव रोकने विशेष अभियान
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए निगमायुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों का प्राथमिकता से निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रही, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य पूरे किए जाएं।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित स्थलों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, नाले-नालियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने एवं अवरुद्ध मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य वर्षा पूर्व पूरा किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जयेन्द्र प्रताप सिंह बघेल, कार्यालय अधीक्षक नागेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।