राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से जालपा देवी एवं बिरसा मुंडा वार्ड में करीब 72 लाख रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वरिष्ठजन के सम्मान के साथ विकास का शुभारंभ
जालपा देवी वार्ड क्रमांक 8 में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक एवं चिकित्सक डॉ. एल.एन. खंडेलवाल के कर-कमलों से भूमिपूजन कराया गया। महापौर श्रीमती सूरी ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और कहा कि बुजुर्गों के आशीर्वाद से शुरू हुए कार्य हमेशा सफल और जनहितकारी होते हैं। पार्षद डॉ. रमेश सोनी ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सड़क और नाली निर्माण से मिलेगी राहत
जालपा देवी वार्ड में 65 लाख रुपये से अधिक की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर सड़कों का निर्माण एवं नाली कवरिंग से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
नागरिकों ने किया आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने महापौर एवं जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य, पूर्व पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
बिरसा मुंडा वार्ड में मंदिर परिसर का होगा विकास
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बिरसा मुंडा वार्ड में खेरमाता मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। लगभग 6.75 लाख रुपये की लागत से चबूतरा मरम्मत, बाउंड्रीवॉल और गेट निर्माण किया जाएगा। पार्षद श्रीमती नन्हीबाई गोटिया ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास क्षेत्र की पहचान और आस्था दोनों को मजबूती देता है।
जनसुविधाओं को मिलेगा नया आयाम
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद दोनों वार्डों में सड़क, स्वच्छता और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर जीवन-स्तर का लाभ मिलेगा।