सिद्धार्थनगर।
जिले के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र का पेड़रियाजीत चौराहा सोमवार सुबह भक्ति और आस्था के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। शक्तिपीठ देवीपाटन धाम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का विशाल जत्था यहां से रवाना हुआ। मां देवीपाटन के जयकारों, भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पेड़रियाजीत चौराहे पर जुटनी शुरू हो गई थी। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में माता के दर्शन के लिए उत्साहित दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने मां देवीपाटन के जयकारे लगाते हुए सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता रामकुमार चिंकू यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ कराया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दर्जनों वाहनों के काफिले को देवीपाटन धाम के लिए रवाना किया। यात्रा के दौरान रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और मंगल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
तेतरी गांव निवासी सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस धार्मिक यात्रा में इस बार भी हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। तेतरी, बिलरिया, मल्दा, वीरपुर, मधुकरपुर समेत दर्जनों गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर देवीपाटन धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा नेता रामकुमार चिंकू यादव ने कहा कि देवीपाटन धाम श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। मां के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना करते हुए क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
यात्रा के शुभारंभ के दौरान सत्यनारायण यादव, अवधेश सिंह, नरेंद्र दूबे, सोनू दूबे, कैलाश दूबे, लल्लू राम उर्फ लालू यादव, बालेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।