राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में मिलावटी और अशुद्ध खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री पर सख्ती बढ़ाते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को बड़ी खाद्य फैक्ट्रियों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि चिप्स, मसाले, ब्रेड सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट या अशुद्धता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा एवं सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर उपस्थित रहे।
ई-विकास प्रणाली से खाद वितरण नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर आशीष तिवारी ने ई-विकास प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण नहीं करने वाली पैक्स समितियों के प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश उपसंचालक कृषि कल्याण विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
जिले में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
गेहूं उपार्जन केंद्रों में चलेंगे सदस्यता शिविर
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में किसानों को जोड़ने के लिए चलाए जा रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने को-ऑपरेटिव बैंक की नोडल अधिकारी जयति बिलथरिया को गेहूं उपार्जन केंद्रों में शिविर लगाकर सदस्यता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
15 मई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पात्र गैर-सदस्य किसानों को पैक्स से जोड़ना है, ताकि उन्हें संस्थागत ऋण, कृषि सेवाओं और सहकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।