राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं एवं विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर निगम कार्यालय में साप्ताहिक टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में उपयुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जर्जर भवनों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने नगर में जर्जर भवनों पर धीमी कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी उपयंत्री प्रतिदिन अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण कर जर्जर भवनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही वार्डों में जर्जर भवन नहीं होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निराकरण जरूरी
सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का संतोषजनक निराकरण समय पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन जनता के विश्वास से जुड़ा होता है, इसलिए किसी भी प्रकरण में लापरवाही न बरती जाए। न्यायालयीन एवं आयोगों में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
मानसून से पहले सफाई और जल निकासी पर फोकस
आगामी बारिश को देखते हुए निगमायुक्त ने बड़े नालों और नालियों की विशेष सफाई, जल संरचनाओं से अतिक्रमण हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। खुले नालों को जाली से कवर कराने, खतरनाक गड्ढों एवं ट्यूबवेल को बंद कराने और स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
पीएम आवास और अमृत योजना की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रगतिरत एवं अपूर्ण कार्यों, सर्वे, जियो टैगिंग और किश्त भुगतान की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि एएचपी घटक के तहत विद्युतीकरण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और 1390 हितग्राहियों द्वारा 17.75 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। निगमायुक्त ने पात्र हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अमृत 1.0 एवं 2.0 योजनाओं के तहत पाइपलाइन विस्तार, हाउस कनेक्शन, एसटीपी सिविल वर्क, रोड रेस्टोरेशन और ओवरहेड टैंक निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने वर्षा पूर्व सभी रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जल गंगा अभियान में तेजी लाने के निर्देश
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कटनी नदी की सफाई का कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 18 कुओं की सफाई और 73 सोकपिट निर्माण का कार्य पूरा किया जा चुका है। नगर के 21 स्थानों पर सार्वजनिक प्याऊ संचालन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, हरित क्षेत्र विकास और पौधरोपण की तैयारियां भी जारी हैं। निगमायुक्त ने शेष कार्य अभियान अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
बैठक में अवैध कॉलोनियों, अतिक्रमण, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अनाधिकृत कॉलोनियों के लंबित प्रकरणों पर साप्ताहिक कार्रवाई करने, अवैध निर्माण रोकने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन, नवीन बस स्टैंड कार्यालय, पीएम स्वनिधि, संबल योजना, समग्र ई-केवाईसी और जन्म-मृत्यु पंजीयन के लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया।