औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए योगी सरकार ने जारी किया बजट
चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी, आरएस रोड-कोदरा टोला और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग का होगा सुधार
सोनभद्र। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में योगी सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत जिले की तीन प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सतह सुधार के लिए 125 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत करते हुए जारी किया गया है। इससे जिले में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ औद्योगिक इकाइयों तक माल और कच्चे माल की आवाजाही आसान होगी। वहीं, स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन की ओर से जिले की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 125 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर बजट जारी कर दिया गया है। इन सड़कों के निर्माण और सुधार से औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे परिवहन लागत और आवागमन में लगने वाले समय को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़क सुधार के इन कार्यों को औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 15.84 किलोमीटर लंबे चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर 41 करोड़ 56 लाख तीन हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 12.150 किलोमीटर लंबे आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 25 करोड़ 83 लाख 76 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाइवे की जल्द बदलेगी तस्वीर
इसी क्रम में जिले के महत्वपूर्ण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग (स्टेट हाईवे-5ए) के 166.130 किलोमीटर से 184.417 किलोमीटर के बीच स्थित 18.287 किलोमीटर लंबे हिस्से का सुदृढ़ीकरण एवं सतह सुधार कराया जाएगा। इस कार्य पर 57 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग जिले में औद्योगिक गतिविधियों और भारी वाहनों के आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर सड़कें औद्योगिक विकास की आधारभूत जरूरत हैं। सड़कों के सुदृढ़ीकरण से उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों और माल परिवहन को गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इसका सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और किसानों को भी मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि मजबूत आधारभूत ढांचे के माध्यम से सोनभद्र में औद्योगिक विकास के साथ आमजन की सुविधाओं का भी विस्तार किया जाए।
