संवाददाता :तारिक अहमद
बहराइच में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर-महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित एवं अभद्र टिप्पणी को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला जिला संयोजक सोनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक जुलूस निकाला और धरना-प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया।
भाजपा की महिला नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों से राजनीतिक संवाद में शालीनता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना होनी चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अमर्यादित भाषा राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंचाती है।कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और राष्ट्रहित के लिए कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया। धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।