राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में मिलावटी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लमतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित खाद्य इकाइयों पर औचक छापा मारा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर कई गंभीर अनियमितताएं उजागर कीं।
जांच के दौरान महावीर ट्रेडिंग कंपनी में सरसों की फिल्टरिंग कर उसे बोरों में पैक कर बाजार में बेचे जाने का मामला सामने आया। फैक्ट्री परिसर में खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग और स्टोरेज बेहद गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पाया गया। वहीं सरसों के फिल्टर किए गए वेस्ट से तेल निकालकर टैंक में संग्रहित किया गया था, लेकिन अधिकारियों द्वारा सैंपल मांगे जाने पर संचालक कोई नमूना उपलब्ध नहीं करा सके।
कार्रवाई के समय फैक्ट्री संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिले। सूचना देने के बाद भी उनके उपस्थित नहीं होने पर टीम ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और खाद्य जांच रिपोर्ट की जानकारी मांगी, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। अधिकारियों ने मौके से सरसों के दो नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए हैं। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसी दौरान लमतरा स्थित क्षितिज फूड मसाला फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया गया, जहां धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के सैंपल जांच के लिए लिए गए। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरी कार्रवाई तहसीलदार आकाश नीरज की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में मिलावटखोरी और खाद्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।