राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित कन्या कौशल शिविर का भव्य शुभारंभ 8 मई 2026 को प्रातः 8:30 बजे स्थानीय रंगनाथ मंदिर प्रांगण में मनोनीत जिला समन्वयक कमल राज अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। शिविर के प्रथम दिवस लगभग 50 कन्याओं ने सहभागिता की, वहीं पांचवें दिन तक यह संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच गई।
शिविर के दौरान बालिकाओं को योग, व्यायाम, ध्यान, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, बौद्धिक विकास एवं संस्कारों से जुड़े विविध विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा प्रेरक कहानियों और दृष्टांतों के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आज शिविर में 6 बच्चों का जन्मदिन दीप यज्ञ के माध्यम से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम प्रभारी गायत्री शक्तिपीठ कटनी की ट्रस्टी श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव के निर्देशन में शिविर का सफल संचालन किया जा रहा है।
प्रशिक्षक मंडल में श्रीमती पुष्पा तिवारी, डॉ. लक्ष्मी द्विवेदी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय से प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक लव सिंह चौहान, प्राचार्य रोशनी प्यासी, हरिशंकर दहिया, हरिशंकर गुप्ता, महेंद्र खरे, राकेश निषाद, डॉ. विद्याभूषण खरे, श्रीमती सुरभि सिंह, श्री धीरज नामदेव एवं नीति अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शिविर में बालिकाओं को प्रतिदिन पांच प्रकार के अंकुरित अनाज से तैयार पौष्टिक मिश्रण के साथ अलग-अलग प्रकार का नाश्ता भी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक बालिका को गायत्री परिवार की पत्र-पत्रिकाएं एवं गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिका निशुल्क प्रदान की जा रही है।
मंदिर प्रांगण में उपस्थित अभिभावकों एवं नागरिकों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी पहल बताया तथा अन्य बच्चियों को भी शिविर में भेजने की इच्छा जताई।