राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन ने जर्जर एवं खतरनाक भवनों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित एक अत्यंत जर्जर भवन के खतरनाक हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। भवन की हालत काफी खराब होने के कारण क्षेत्र में हादसे की आशंका बनी हुई थी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन के नीचे व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। निगम प्रशासन ने भवन स्वामी को पांच बार नोटिस जारी कर भवन खाली कराने एवं जर्जर हिस्से को हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने स्वयं मोर्चा संभाला।
कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि संकरी गली होने के कारण मशीनों का सीमित उपयोग संभव था, इसलिए श्रमिकों की मदद से मैनुअल तरीके से भवन के खतरनाक हिस्से को हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है तथा आसपास के क्षेत्र में सतर्कता व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त ने शहर के जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित भवनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसी के तहत नगर में चिन्हित अन्य जर्जर भवनों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मदन मोहन चौबे वार्ड में एक जागरूक भवन स्वामी ने निगम प्रशासन का सहयोग करते हुए अपने जर्जर भवन को स्वेच्छा से हटाने की पहल की है। निगम प्रशासन ने इसे सकारात्मक उदाहरण बताते हुए अन्य भवन स्वामियों से भी अपील की है कि वे वर्षा ऋतु से पहले अपने खतरनाक भवनों को नियमानुसार हटाकर संभावित हादसों को रोकने में सहयोग करें। अन्यथा निगम प्रशासन द्वारा नियमानुसार रिमूवल की कार्रवाई की जाएगी।