राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में देसी एवं कच्ची शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आंकाक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने महगंवा, इमलई, मुरवारी, दशरमन, कछारगांव, ठिर्री, झिन्नापिपिरया, अत्तरसूमा, देवरी और सनकुई सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से देसी प्लेन, लाल मसाला शराब, बीयर और बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान कई पाव शराब, बीयर की बोतलें एवं लीटरों में कच्ची शराब जब्त की गई।
पुलिस द्वारा जिन आरोपियों पर कार्रवाई की गई उनमें श्रीलाल यादव, राजभान यादव, शंकर लाल राय, सुहाग बाई बर्मन, सौरभ लोधी, पूनम जैन, मध्धू कुम्हार, राकेश लोधी, किस्सू उर्फ कृष्ण कुमार पटेल, बालगोविंद पटेल, ओमप्रकाश मिश्रा, सोमनाथ पटेल, संजय वंशकार, दुर्गा बाई बर्मन एवं सुधा बाई लोधी शामिल हैं।
ढीमरखेड़ा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।