लोकेशन मोतिहारी रक्सौल
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। मामला रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल मैत्री पुल का है, जहां संदिग्ध परिस्थिति में सीमा पार करने की कोशिश कर रहे एक चीनी नागरिक को पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक 55 वर्षीय व्यक्ति याकूब सीजन टमटम (ई-रिक्शा) पर सवार होकर भारत से नेपाल की ओर जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 47वीं बटालियन के जवानों ने उसे रोककर जांच की।
जांच के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लड़ाकू विमान जैसा दिखने वाला एक खिलौना बरामद किया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गईं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार व्यक्ति को हिंदी, अंग्रेजी या नेपाली भाषा की जानकारी नहीं है और वह केवल चीनी भाषा में ही बातचीत कर रहा है। भाषा की समस्या को देखते हुए अधिकारियों द्वारा दुभाषिये की मदद ली जा रही है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसके दस्तावेजों, पहचान और सीमा पार करने के उद्देश्य की गहन जांच कर रही हैं। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
बिहार मोतिहारी से ब्यूरो अमरजीत सिंह