फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे में स्मैक तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को सभासद के भतीजे समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 60 ग्राम स्मैक बरामद की है। कार्रवाई के बाद आरोपी को छुड़ाने के लिए थाने में दबाव बनाने की भी चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के निर्देश पर दरोगा आदेश कुमार ने रविवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ माधौपुर ओवरब्रिज के पास खाली मैदान में घेराबंदी की। इस दौरान कस्बे के मोहल्ला भोलेनगर वार्ड-10 निवासी सभासद के भतीजे मो. सैफ और उसके साथी मोहल्ला अहमदनगर नई बस्ती निवासी मो. आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उनका साथी मोहल्ला नई बस्ती निवासी जमीर अहमद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने वांछित घोषित किया है।
तलाशी के दौरान मो. सैफ के पास से 35 ग्राम और मो. आलम के पास से 25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में मो. आलम ने बरामद स्मैक को मो. सैफ की बताई, जबकि सैफ ने खुलासा किया कि वह फरार आरोपी जमीर अहमद से स्मैक खरीदकर फुटकर में बेचता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मो. सैफ पहले से ही थाना पुलिस की निगरानी में था। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ स्मैक तस्करी, सट्टा और शराब तस्करी समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसका साथी मो. आलम जल्दी अमीर बनने के लालच में पहली बार इस धंधे में उतरा और सीधे जेल पहुंच गया।
सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के बाद सभासद ने कई अन्य सभासदों को साथ लेकर थाने पहुंचकर अपने भतीजे को छुड़ाने का दबाव बनाया, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। सोमवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी जमीर अहमद की तलाश में दबिश दे रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली