फतेहगंज पश्चिमी।
मुड़िया चेतराम के चर्चित आदेश मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। महज 3500 रुपये के लालच में दो दोस्तों ने पहले आदेश मिश्रा के साथ बैठकर शराब पी, फिर नशा ज्यादा होने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव मुड़िया चेतराम निवासी आदेश मिश्रा शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात पुराने परिचित सोनू कश्यप और उसके दोस्त शहंशाह से हो गई। तीनों ने साथ बैठकर शराब पीने का प्लान बनाया, लेकिन आदेश मिश्रा को क्या पता था कि जिन लोगों के साथ वह जाम छलका रहे हैं, वही उसकी मौत की पटकथा लिख चुके हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि शराब खरीदते समय आदेश मिश्रा ने जैसे ही पर्स निकाला, उसमें रखे 3500 रुपये देखकर दोनों की नीयत डोल गई। इसके बाद दोनों ने पूरी साजिश रच डाली। नहर किनारे बैठकर शराब पार्टी शुरू हुई और चालाकी से आदेश मिश्रा को ज्यादा शराब पिला दी गई।
जब आदेश मिश्रा पूरी तरह नशे में बेसुध हो गए, तभी दोनों दरिंदों ने उनका गला दबा दिया। मौत के बाद दोनों ने जेब से रुपये निकाले और आपस में बांट लिए। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोनू को 1700 रुपये और शहंशाह को 1800 रुपये मिले थे।
हत्या के बाद दोनों ऐसे फरार हुए जैसे कुछ हुआ ही न हो। मगर पुलिस ने इलाके के लोगों की “चेन” जोड़ते हुए आखिरकार दोनों तक पहुंच बनाई। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के मुताबिक कई लोगों ने तीनों को साथ शराब पीते देखा था, जिसके बाद पुलिस ने सुराग जोड़ते हुए हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
बताया जाता है कि आरोपी सोनू कश्यप मीरगंज की हाइडिल कॉलोनी में रहता है, जबकि उसका साथी शहंशाह नगरिया सादात का निवासी है। दोनों शराब के आदी बताए जा रहे हैं।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि “अब दोस्ती पर भी भरोसा करना मुश्किल हो गया है।”
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली