शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के थाना भवानीगंज पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बुलेट मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बेचने से प्राप्त 5,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय शंकर सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने थाना भवानीगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 57/2026 धारा 317(2) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 80/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित दो वांछित आरोपियों को सरयू नहर पुलिया, ग्राम भड़रिया के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्माइल शाह पुत्र अब्दुल्ला शाह निवासी कृष्णा नगर बैंक रोड, कपिलवस्तु नेपाल तथा मोहम्मद अरमान पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हलीम निवासी चैपुरवा कृष्णा नगर, कपिलवस्तु नेपाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो बुलेट मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और चोरी की हंटर बाइक बेचने से मिले 5,350 रुपये बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और इनके खिलाफ बलरामपुर जनपद में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है।