राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
बारिश से पहले जन सुरक्षा को लेकर नगर निगम प्रशासन अब पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतर चुका है। शहर में जर्जर और हादसों को न्योता दे रहे भवनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्रमांक 26 स्थित वैश्य गली में एक अत्यंत जर्जर एवं मानव आवास के लिए अनुपयुक्त भवन को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच भवन हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई। बताया गया कि यह भवन लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में था और आसपास रहने वाले लोगों सहित राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ था।
कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भवन स्वामी को पहले ही नोटिस जारी कर भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर निगम प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए किसी भी संभावित दुर्घटना और जनहानि से बचने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे भवन मालिक जो अपने भवनों को स्वयं नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित भवन स्वामी की होगी।
नगर निगम का कहना है कि सुरक्षित शहर और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।