राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अब जलभराव और जल निकासी की समस्याओं को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में नाले-नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी कड़ी में मंगलवार शाम मदन मोहन चौबे वार्ड के बरगवां क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने इंडियन कॉफी हाउस के सामने और गुप्ता नर्सिंग होम के पास सार्वजनिक नाले के ऊपर किए गए करीब 100 फीट लंबे अवैध निर्माण को हटाया। बताया गया कि नाले के ऊपर चबूतरा बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे बारिश के दौरान पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था और क्षेत्र में जलभराव का खतरा लगातार बना हुआ था।
निगम प्रशासन के अनुसार हाल ही में निगमायुक्त द्वारा वर्षा पूर्व तैयारियों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि उक्त अतिक्रमण के कारण नाले की जल निकासी क्षमता प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश मिलते ही अतिक्रमण अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया। इसके साथ ही नाले की विशेष सफाई भी कराई गई ताकि बारिश के दौरान पानी का बहाव सुचारू रूप से बना रहे और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि निगम प्रशासन शहर में जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी नालों पर अवैध कब्जे या बाधाएं मिलेंगी, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के क्षेत्रीय उपयंत्री सहित अतिक्रमण शाखा का अमला मौजूद रहा।