बांदा।
जिला प्रशासन द्वारा भीषण गर्मी और 48°C तापमान के बीच हीट वेव से बचाव के कई पुख्ता इंतजाम करने के दावे किए जा रहे हैं। शहर में जगह-जगह प्याऊ और शेड लगाने के साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी-दाने की व्यवस्था की गई है। लेकिन इन तमाम दावों के बीच लोकतंत्र का चौथा स्तंभ पूरी तरह उपेक्षित नजर आ रहा है।
कलेक्ट्रेट परिसर में कवरेज के लिए आने वाले पत्रकार इस जानलेवा धूप में दिनभर एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़े रहने को मजबूर हैं। परिसर में मीडियाकर्मियों के बैठने के लिए न तो कोई शेड है और न ही पीने के पानी या वाहन पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था। इस भीषण गर्मी में लगातार काम करने के कारण कई पत्रकारों का स्वास्थ्य भी बिगड़ रहा है।
इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों की समस्याओं से रूबरू होकर प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि कवरेज के लिए आने वाले पत्रकार बंधुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कलेक्ट्रेट परिसर में तत्काल बैठक व्यवस्था, शेड, पेयजल और वाहन पार्किंग का पुख्ता इंतजाम किया जाए, ताकि वे सुरक्षित रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
मंडल ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से