दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
हिंडालको जनसेवा ट्रस्ट ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दुद्धी ब्लॉक अंतर्गत आयोजित भर्ती प्रक्रिया के तहत विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में अभ्यर्थियों की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।
आयोजित दौड़ में कुल 13 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 11 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़ पूरी कर अपनी योग्यता साबित की, जबकि 2 अभ्यर्थी निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं कर सके। सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा तथा लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण हेतु अलग से बुलाया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम का संचालन हिंडालको के अधिकारी विजय व्यास के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल के संरक्षण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रधान केवाल दिनेश कुमार यादव, ग्राम प्रधान धूमा रामप्रसाद, विजय शंकर यादव, सोमारू सिंह, संजय चौरसिया, डा मनोज तिवारी, केशव प्रसाद, रामविचार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी पहल को लेकर स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों ने हिंडालको जनसेवा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं के भविष्य के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।