दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर महिला व बाल यौन शोषण संबंधी अपराधों पर रोक के उद्देश्य से चलाए गए अभियान में साइबर सेल और स्थानीय थानों ने सफलता प्राप्त की है। गृह मंत्रालय के NCMEC पोर्टल व साइबर ट्रिपलाइन से मिली सूचनाओं के आधार पर सोशल मीडिया पर चाइल्ड पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड करने के दो मामलों की पहचान हुई, जो सोनभद्र से संबंधित पाए गए।
जांच में साइबर सेल ने मोबाइल, आईपी और प्रोफाइल विवरणों के आधार पर दो आरोपियों के नाम उजागर किए। प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम तथा थाना दुद्धी व थाना ओबरा की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त सैफ, पुत्र खजमुद्दीन, वार्ड नं. 9 रामनगर, दुद्धी व राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन, गुरुद्वारा गली, चोपन रोड ओबरा है
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक सोशल मीडिया ग्रुप में थे जहां इंस्टाग्राम व फेसबुक के जरिए एक-दूसरे को वीडियो भेजते व साझा करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि अश्लील वीडियो अधिक व्यूज़ और आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपलोड किए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों की डिवाइसें जब्त कर तकनीकी सत्यापन जारी रखा है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी टीम में सोनभद्र साइबर थाना साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी,दुद्धी प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह , प्र0नि0 सदानन्द राय थाना ओबरा,दुद्धी चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हे0का0 संतोष पटेल व साइबर टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री दिखने पर तुरंत साइबर सेल या नजदीकी थाने को सूचित करें।