राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को मदन मोहन चौबे वार्ड में निगम के अतिक्रमण अमले ने बड़ा अभियान चलाते हुए सागर पुलिया से लक्ष्मी पान भंडार तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक भूमि और नाले-नालियों पर बने 15 से अधिक अवैध स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि लंबे समय से सड़क किनारे हुए अवैध निर्माणों के कारण आम नागरिकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन और कटनी साउथ स्टेशन की ओर आने-जाने वाले लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता था।
निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि नाले-नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था भी मजबूत होगी। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए यह कार्रवाई जलभराव की समस्या रोकने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों, नालों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित निगम अमला मौके पर मौजूद रहा।