राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की महत्वपूर्ण प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक आगामी 19 जुलाई 2026 को कटनी के सत्कार होटल में आयोजित की जाएगी। बैठक को लेकर पत्रकार जगत में उत्साह का माहौल है। इस दौरान जबलपुर संभाग स्तरीय सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से पत्रकार प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
संघ के महासचिव सुनील कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया को कटनी जिला इकाई की ओर से बैठक आयोजित करने का आमंत्रण भेजा गया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। कटनी जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह राजपूत के विशेष आग्रह पर प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक के साथ संभागीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि कटनी प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक जिला होने के साथ-साथ रेलवे नेटवर्क से देश और प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ा हुआ है। इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए कटनी को बैठक स्थल के रूप में चुना गया है, ताकि प्रदेशभर से आने वाले पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
संघ द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, संयोजकों, कार्यकारिणी सदस्यों, संभागीय अध्यक्षों, महासचिवों तथा जिला इकाइयों के पदाधिकारियों को विधिवत एजेंडा एवं आमंत्रण व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जा रहा है। बैठक में केवल आमंत्रित प्रतिनिधियों को ही शामिल होने की अनुमति रहेगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में पत्रकार सुरक्षा, पत्रकार कल्याण योजनाओं, मीडिया संस्थानों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं एवं संगठन विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पत्रकार हितों से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंथन होने की संभावना जताई जा रही है।