राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को शहर के विभिन्न वार्डों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से कई वार्डों में वार्ड कांग्रेस कमेटियों का गठन भी किया गया।
डॉ. राम मनोहर लोहिया वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में सर्वसम्मति से शुभम सोनखरे को वार्ड कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं मसूरहा वार्ड में विनोद सोनी को वार्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। ईश्वरीपुरा वार्ड में भी वार्ड कांग्रेस कमेटी का गठन कर संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। वार्ड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी की दूरदृष्टि, आधुनिक सोच और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जिला प्रभारी मनु मिश्रा ने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की पहचान है और वार्ड कांग्रेस कमेटियों का गठन पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कार्यक्रम में ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, विधानसभा प्रभारी राजेश चौबे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, संगठन महासचिव प्रेम बत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे।