फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव सोरहा में सर्पदंश से एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मासूम की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव सोरहा निवासी सोहन लाल मौर्य ने बताया कि उनका मकान गांव के बाहर स्थित है। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे उनकी 10 वर्षीय बेटी अंशिका मौर्य घर के अंदर मौजूद थी। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसके पैर में काट लिया। शुरुआत में परिजन कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन थोड़ी देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी। तभी परिजनों ने सर्प को बिल में घुसते देखा, जिसके बाद सर्पदंश का पता चला।
परिजन आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उम्मीद में कई झाड़-फूंक और जड़ी-बूटी से इलाज करने वालों के पास भी गए, लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका।
शुक्रवार शाम मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। अंशिका की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली