राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज
कटनी।
नगर निगम क्षेत्र के मसुरहा वार्ड में चल रहे नाली निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को महापौर ने निर्माणाधीन नाली का औचक निरीक्षण किया, जहां बिना मजबूत बेस के निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत सही पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार एवं निर्माण एजेंसी को फटकार लगाते हुए तकनीकी जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर जानकारी ली। वार्डवासियों ने शिकायत की कि नाली का निर्माण बिना मजबूत आधार तैयार किए ही किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद महापौर ने मौके पर पहुंचकर कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर तकनीकी मानकों की अनदेखी दिखाई दी।
महापौर श्रीमती सूरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि टाइम कीपर के कार्यस्थल पर उपस्थित न रहने से निर्माण कार्यों की निगरानी प्रभावित हो रही है। जिम्मेदार अधिकारियों को स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों से जुड़े विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किए जाने चाहिए, ताकि आमजन को स्थायी और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अज्जू सोनी, कमलेश चौधरी, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।