सहारनपुर- बेहट
बेहट विधानसभा क्षेत्र के गाँव बादशाहपुर स्थित गुरुद्वारे में सोमवार को गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी आयोजित समागम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से पहुंचे प्रसिद्ध रागी एवं कीर्तनीयों ने गुरु की वाणी का गुणगान कर संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर बेहट विधायक उमर अली खान ने गुरुद्वारे पहुंचकर माथा टेका और गुरु का कीर्तन बड़े ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संगत के साथ बैठकर गुरु बाणी का श्रवण किया तथा क्षेत्र में भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
समागम में समाजवादी पार्टी के महासचिव कुलदीप सिंह भुल्लर ने भी सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं के साथ गुरु चरणों में नमन किया। गुरुद्वारा परिसर में पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम, कीर्तन एवं गुरु का लंगर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर आयोजित इस धार्मिक समागम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
गुरुपर्व में रागिब अली, सरदार कुलदीप सिंह, सरदार गुरनाम सिंह, सरदार गुरदेव सिंह, सरदार पलविन्दर सिंह, विनोद राठौर, महिपाल राठौर, वरिष्ठ समाजसेवी अतर सिंह गणेशपुर, फुरकान मलिक, शमशाद अहमद आदि मौजूद रहे ।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी