दीपावली के पटाखे से गरीब की झोपड़ी में लगी आग, तीन बकरियों की हालत गंभीर
खैरगढ़। दीपावली के पटाखे की चिंगारी एक गरीब परिवार के लिए मुसीबत बन गई। कस्बा खैरगढ़ में पटाखे से निकली चिंगारी के कारण एक झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी के अंदर बंधी कई बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं। इनमें तीन बकरियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा खैरगढ़ निवासी इंसाफ अली पुत्र नवाब अली की झोपड़ी में 6 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाए गए पटाखे की चिंगारी जा गिरी। चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी के अंदर बंधी बकरियां आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक झोपड़ी के अंदर बंधी कई बकरियां गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। इनमें तीन बकरियों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया गया है कि इंसाफ अली बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मेहनत और पशुपालन के सहारे परिवार चलाने वाले इंसाफ अली के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
आग लगने की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल बृजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए नुकसान का जायजा लिया।
इंडियन टी वी न्यूज़ रिपोर्टर अमित पालीवाल खैरगढ़ फिरोजाबाद
