राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर कटनी का ऐतिहासिक कटाएघाट सोमवार शाम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत आयोजित भव्य गंगा आरती एवं भजन संध्या कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कटाएघाट स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर एवं प्रभु श्री बजरंगबली महाराज के दर्शन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से मां गंगा की आरती उतारी। आरती के दौरान घाट परिसर मंत्रोच्चार, दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
भजन संध्या में प्रस्तुत मधुर भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने न सिर्फ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की, बल्कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश भी आत्मसात किया।
महापौर प्रीति सूरी ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का मूल आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों का संरक्षण बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से जल बचाने और प्राकृतिक स्रोतों को संरक्षित रखने में सहभागिता निभाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम कटनी द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नदी, तालाब, कुएं और बावड़ियों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं पुनर्जीवन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। गंगा दशहरा पर आयोजित यह कार्यक्रम जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, मेयर इन काउंसिल सदस्य, पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वहीं निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहे।