राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षा गृह में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद का भव्य स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। देश के 17 राज्यों से पहुंचे हजारों पत्रकारों की मौजूदगी ने इस आयोजन को पत्रकार एकता के महाकुंभ में बदल दिया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पद्मश्री सोनिया नित्यानंद, केजीएमयू कुलपति प्रो. प्रमोद शर्मा, बाल योगी महेंद्र नाथ, लखनऊ महापौर सुषमा खारवाल, विधायक योगेश शुक्ला, एमएलसी रामचंद्र प्रधान एवं डॉ. ए.पी. सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कटनी जिला इकाई के पदाधिकारियों और पत्रकारों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिससे जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने पत्रकारों के हितों की आवाज बुलंद करते हुए कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी है और उसके सम्मान एवं सुरक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहना संगठन का संकल्प है।
उन्होंने सरकार के समक्ष पत्रकार सुरक्षा बिल लागू करने, प्रत्येक पत्रकार को 50 लाख रुपये का बीमा कवर देने, टोल टैक्स में छूट, मासिक भत्ता, सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता, फर्जी मुकदमों से सुरक्षा, सभी जिलों में प्रेस क्लब निर्माण, आयुष्मान कार्ड सुविधा एवं ट्रेन-बस-हवाई यात्रा में निःशुल्क सुविधा जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद को देश का बड़ा और सक्रिय संगठन बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं और सरकार पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए गंभीर है। उन्होंने पत्रकारों की मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
पद्मश्री सोनिया नित्यानंद ने अपने संबोधन में कहा कि देवेंद्र कुमार मिश्रा ने देशभर के पत्रकारों को एक सूत्र में बांधने का सराहनीय कार्य किया है। कार्यक्रम में श्रीधाम वृंदावन से आई बांके बिहारी जी की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
पूरा समारोह पत्रकार सम्मान, एकता और अधिकारों की आवाज को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनकर सामने आया।