राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के लिए कटनी पुलिस ने iRAD/eDAR Pre-Approve प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बना दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना का लाभ पात्र पीड़ितों तक त्वरित रूप से पहुंच सके।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण “गोल्डन आवर” में घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उपचार में देरी न हो और अधिक से अधिक जीवन बचाए जा सकें।
नई व्यवस्था के तहत यदि किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 112, 1033, 108 अथवा अन्य माध्यमों से जिला अस्पताल या किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाता है, तो संबंधित अस्पताल, डायल सेवा अथवा पुलिस कर्मचारी द्वारा तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम कटनी को सूचना दी जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 7587600044 निर्धारित किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम संबंधित थाना या चौकी को तत्काल अवगत कराएगा। इसके बाद संबंधित थाना/चौकी द्वारा दुर्घटना की जानकारी iRAD/eDAR पोर्टल पर दर्ज कर आवश्यक आईडी जनरेट की जाएगी तथा प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के अंतर्गत उपचार के लिए प्री-अप्रूव प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रणाली से दुर्घटना पीड़ितों को बिना आर्थिक बोझ के शीघ्र उपचार मिल सकेगा। साथ ही अस्पतालों को भी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने में सुविधा होगी। संबंधित थाना और चौकी अस्पतालों से लगातार संपर्क बनाए रखकर घायल के उपचार की निगरानी भी सुनिश्चित करेंगे।
यातायात पुलिस ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, अस्पताल प्रबंधन, एम्बुलेंस एवं डायल सेवाओं से अपील की है कि प्रत्येक पात्र सड़क दुर्घटना प्रकरण में iRAD/eDAR आईडी समय पर जनरेट कर प्री-अप्रूव प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करें, ताकि शासन की जनहितकारी योजना का लाभ जरूरतमंदों तक बिना विलंब पहुंच सके।
कटनी पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा, दुर्घटना पीड़ितों की सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है।