आंवला बरेली
अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खटेटा में ग्रामीणों की तत्परता से भैंस चोरी की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चोरी की भैंस के साथ दो आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है, जबकि उनका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा।
ग्राम खटेटा निवासी रवेन्द्र कुमार पुत्र घनश्याम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार (3 जून) की तड़के करीब 3 बजे उनके घर के सामने बंधी भैंस को गांव के ही नेकपाल, मुनीश और बेनाम चोरी कर ले गए। सुबह सोकर उठने पर जब भैंस गायब मिली, तो रवेन्द्र ने ग्रामीणों को सूचना दी।
भैंस की तलाश में जुटे ग्रामीणों ने करीब 4 किलोमीटर दूर भजा गौटिया की तरफ चोरों को भैंस के साथ पैदल जाते देखा। ग्रामीणों को आता देख चोरों ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने नेकपाल और बेनाम को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि मुनीश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
थाना अलीगंज पुलिस ने रवेन्द्र कुमार की तहरीर पर तीनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 127/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य अभियुक्त नेकपाल का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस टीम में उप-निरीक्षक बलवीर सिंह, कांस्टेबल मदनपाल सिंह और कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे।