आंवला(बरेली)
आंवला तहसील के बिशारतगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 410 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिशारतगंज मजार के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बद्री प्रसाद (निवासी मिलक बहादुरगंज, थाना बिशारतगंज) और रामदास (निवासी ग्राम जैतपुर शरीफपुर, थाना बिशारतगंज) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से सस्ते दामों पर अफीम खरीदकर उसे अधिक कीमत पर बेचते थे। इससे प्राप्त धनराशि से वे अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बरामद अफीम को भी वे बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार कश्यप, उप निरीक्षक वीर सिंह, कांस्टेबल छत्रपाल सिंह, धर्मेंद्र सिंह और राजवीर शामिल थे।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश