आंवला।
आंवला तहसील में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। ग्राम नितोई में सोसाइटी के सचिव पर एक अनपढ़ किसान के नाम पर 2,11,369 रुपये का फर्जी लोन निकालने का आरोप है। पीड़ित किसान हिमंचल उर्फ प्यारेलाल ने गुरुवार को एसडीएम विदुषी सिंह से शिकायत कर आरोपी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
न्याय न मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले आगामी 10 जून को ब्लॉक मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी भी दी गई है। किसान हिमंचल उर्फ प्यारेलाल के अनुसार, वर्ष 2011 में सोसाइटी सचिव ने उनसे संपर्क किया था और लोन दिलाने का प्रस्ताव रखा था।
अनपढ़ होने के कारण किसान ने सचिव पर भरोसा कर अपने आवश्यक दस्तावेज उसे सौंप दिए। आरोप है कि इसके बाद जब भी किसान सोसाइटी में खाद लेने जाता था, सचिव खाद देने के बहाने विभिन्न कागजों पर उसके हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान लगवा लेता था।
इसी धोखाधड़ी का लाभ उठाकर सचिव ने भमोरा स्थित जिला सहकारी बैंक लिमिटेड से पीड़ित के खाते की चेकबुक जारी करवा ली। इसके बाद 2,11,369 रुपये का फर्जी लोन पास कराकर पूरी राशि खुद निकाल ली। किसान को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब वह किसी काम से बैंक गया। बैंक अधिकारियों ने उसे बताया कि उसके नाम पर एक बड़ा कर्ज बकाया है। जब किसान ने चेकों की जानकारी मांगी, तो पता चला कि उन पर उसके हस्ताक्षर नहीं थे।
पीड़ित किसान का आरोप है कि उसने पहले थाना भमोरा में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी सचिव लगातार टालमटोल कर रहा है और बैंक प्रबंधन भी इस मामले में सहयोग नहीं कर रहा है। अंततः, पीड़ित ने न्याय के लिए एसडीएम आंवला विदुषी सिंह से गुहार लगाई है।
पीड़ित किसान के इस प्रार्थना पत्र पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों ने भी हस्ताक्षर कर अपना पूरा समर्थन दिया है। किसान संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 10 जून 2026 से पहले आरोपित सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पीड़ित किसान को कर्जमुक्त नहीं किया गया, तो आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रवीन कुमार सक्सेना रिपोर्टर तहसील आंवला जिला बरेली