बालोद: अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
बालोद, 15 अक्टूबर 2026। बालोद जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। डौण्डी विकासखंड के ग्राम पटेली और घोटिया में औचक निरीक्षण के दौरान ये वाहन रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। जब्त वाहनों को संबंधित थानों की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर को ग्राम पटेली में कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। इनमें नीले रंग का सोनालिका डीआई 35 और लाल रंग के महिंद्रा युवो 575 व महिंद्रा युवो 585 ट्रैक्टर शामिल हैं। तीनों वाहनों को ट्रॉली सहित जब्त कर थाना डौण्डी में रखा गया है।
वहीं, 15 अक्टूबर की सुबह ग्राम घोटिया में निरीक्षण के दौरान लाल रंग का महिंद्रा युवो 585 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया। इस वाहन को थाना दल्लीराजहरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों के मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

