राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
1857 की क्रांति के अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह की बलिदान भूमि पर प्रस्तावित कैंटीन निर्माण के विरोध में गुरुवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जबलपुर स्थित गोंडवाना चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम में गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ, डोमा परिसंघ, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, बहुजन एकता मोर्चा, भीम आर्मी सहित कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
डोमा परिसंघ जिला कटनी के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने बताया कि राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह बलिदान स्थल संग्रहालय के सामने आयोजित धरने के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार रांझी को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि गोंडवाना शहीद राजाओं की स्मृति में 52 फीट ऊंचा कीर्ति स्तंभ स्थापित किया जाए, गोंडवाना साम्राज्य के प्रतीक हाथी एवं शेर चिन्ह के साथ भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाए, आदिवासी समाज के उत्थान एवं संरक्षण के लिए सामाजिक भवन एवं कार्यालय की स्थापना की जाए, 1857 की क्रांति में आदिवासी बलिदानियों के इतिहास के संरक्षण हेतु लाइब्रेरी बनाई जाए तथा कोलकाता संग्रहालय में सुरक्षित गोंडवाना साम्राज्य के राजाओं के अस्त्र-शस्त्रों को जबलपुर संग्रहालय में लाकर प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही बलिदान स्थल परिसर में प्रस्तावित कैंटीन निर्माण को तत्काल निरस्त करने की मांग भी की गई।
धरना सभा को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमान सिंह पोर्ते, गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ के संभागीय अध्यक्ष किशोरीलाल भलावी, जिलाध्यक्ष नेमसिंह मरकाम, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अजय झारिया, जिलाध्यक्ष सखावत खान, राष्ट्रीय अध्यक्ष खेमराज झारिया, बहुजन चेतना विकास मोर्चा के सरमन रजक एवं भीम आर्मी के अध्यक्ष संजू झारिया सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में बालाघाट के जिलाध्यक्ष नंदलाल उइके, कटनी के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके, राजेंद्र कापसे, मुक्तेश्वर राव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने विशेष सहयोग प्रदान किया। धरने में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।