फतेहगंज पश्चिमी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) कैंपस में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग एवं बीएसएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी एवं बीएसएफ के कमांडिंग ऑफिसर दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान उपस्थित लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश भी दिया गया।
विधायक प्रतिनिधि जिला मंत्री भाजपा संजय चौहान कहा कि “पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण जैसे प्रयासों से ही प्रकृति का संतुलन बनाए रखा जा सकता है और पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में वन विभाग तथा बीएसएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली