फतेहगंज पश्चिमी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी द्वारा शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नगरवासियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम, अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर तथा सभासद अबोध कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में नगर पंचायत के कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ”, “हरियाली है जीवन का आधार” तथा “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लोधीनगर चौराहे तक पहुंची, जहां आयोजित सभा में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का लगातार दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की मांग है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लिपिक मोहम्मद शाहिद, बेला देवी, दिनेश सिंह, आशीष कुमार गंगवार, विशाल भारती, रिंकू राज, जय बाबू (सुपरवाइजर), मनीष कुमार, उपदेश कुमार सहित नगर पंचायत के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस जागरूकता रैली ने नगरवासियों को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली