दतिया से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहाँ पुलिस ने शहर में खौफ और ‘भौकाल’ बनाने की कोशिश करने वाले बदमाशों का सारा नशा हिरन कर दिया है। सिविल लाइन पुलिस ने न सिर्फ कट्टा लेकर घूम रहे तीन बदमाशों को रंगे हाथों दबोचा, बल्कि सड़कों पर उनका पैदल जुलूस भी निकाला। आइए देखते हैं पूरी खबर।
दतिया में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने अब बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मामला सेवड़ा चुंगी इलाके का है, जहाँ पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्धों को घेराबंदी करके पकड़ा गया। जब इनकी तलाशी ली गई, तो इनके पास से अवैध कट्टे बरामद हुए।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान सागर अहिरवार, धर्मेंद्र पाल और सतेंद्र पाल के रूप में हुई है। ये बदमाश इलाके में अपना खौफ पैदा करने और रौब झाड़ने के लिए अवैध हथियार लेकर घूम रहे थे।
बदमाशों का यह ‘भौकाल’ उस वक्त पूरी तरह हवा हो गया, जब सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) वैभव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने इन तीनों का बीच सड़क पर पैदल जुलूस निकाल दिया। कल तक जो लोग इलाके के लोगों को डराते थे, आज वो पुलिस के सामने हाथ जोड़े और सिर झुकाए पैदल चलते नजर आए।
थाना प्रभारी ने साफ कर दिया है कि दतिया में जुआ, सट्टा, अवैध हथियार और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कानून हाथ में लेगा, उसका अंजाम ऐसा ही होगा।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की स्थानीय लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। दतिया से इस रिपोर्ट में बस इतना ही, देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए जुड़े रहिए ITN NATIONAL के साथ। धन्यवाद।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा