राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने जन सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई करते हुए घंटाघर स्थित वर्मा गली के एक अत्यंत जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। दो दिनों तक चली इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लंबे समय से मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा समाप्त हो गया है।
नगर निगम द्वारा शुक्रवार को भवन के अत्यधिक जर्जर हिस्सों को मशीनों की सहायता से हटाने का कार्य शुरू किया गया था। हालांकि भवन के कुछ हिस्सों तक मशीनों की पहुंच संभव नहीं होने के कारण शनिवार को श्रमिकों की मदद से मैनुअल तरीके से शेष संरचना को सावधानीपूर्वक हटाया गया। दिनभर चली कार्रवाई के बाद शनिवार रात्रि तक भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर स्थल को सुरक्षित बना दिया गया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह कार्रवाई की गई है। भवन के ध्वस्तीकरण के बाद मलबा हटाने और आवागमन को सुगम बनाने का कार्य भी जारी है।
नगर निगम प्रशासन वर्षा पूर्व विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण कर रहा है। प्रशासन ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने जर्जर एवं दुर्घटना संभावित भवनों को स्वयं हटाने की पहल करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है और क्षेत्र में संभावित बड़े हादसे की आशंका पूरी तरह समाप्त हो गई है।