गाजियाबाद थाना इंदिरापुरम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल एक शातिर अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में सक्रिय एक बदमाश वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, पीली धातु की चेन का टूटा हुआ टुकड़ा तथा एक अवैध तमंचा 315 बोर बरामद किया गया। इसके अलावा एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने क्षेत्र में कई स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पी. टी. सी – संवाददाता दीपाली स्वामी