राज्य सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनसंपर्क कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि इस राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य पिछले दो वर्षों में सरकार की उपलब्धियों, नई योजनाओं, जनकल्याणकारी पहलों और विकासात्मक कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है। इसके तहत जिला स्तरीय संगोष्ठियां, परियोजना भ्रमण, तीन दिवसीय प्रदर्शनी, जैविक कृषि कार्यशाला, मीडिया संवाद, जनजातीय संवाद, किसान संवाद, स्वावलंबी युवा–समृद्ध ओडिशा सम्मेलन तथा मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ये सभी कार्यक्रम जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होंगे। जाजपुर कलेक्टरेट स्थित ओस्वान हॉल से जिलाधिकारी अंबर कुमार कर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस वर्चुअल बैठक में शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन, अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए अधिकारियों को अग्रिम तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह जनसंपर्क अभियान सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के सामने प्रस्तुत करने के साथ-साथ नागरिकों और प्रशासन के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिलाधिकारी युधिष्ठिर नायक, अतिरिक्त विकास आयुक्त एवं कार्यपालक अधिकारी लंबोदर खुंटिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जाजपुर से हिमांशु प्रहराज की रिपोर्ट।