बारिपदा
साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बारिपदा हेरिटेज के तत्वावधान में कवि प्रदीप कुमार नायक द्वारा लिखित कविता संग्रह ‘अमृतायनी’ का लोकार्पण समारोह पालबणी स्थित सेंट जेवियर्स हाईस्कूल परिसर में आयोजित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटेरियन ब्रह्मानंद प्रधान ने की, जबकि संचालन रोटेरियन संतोष कुमार कास्त ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ‘प्रतिश्रुति प्रतिष्ठान’ के संस्थापक-संपादक भागवत पंडा, मुख्य वक्ता के रूप में ‘तत्त्वमसि प्रतिष्ठान’ के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य राजेंद्र सामल तथा पुस्तक समीक्षक के रूप में बारिपदा संस्कृत महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक सुबल चंद्र साहू उपस्थित थे। लेखक प्रदीप कुमार नायक भी मंचासीन रहे।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगन्नाथ के समक्ष दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण किया।लेखक प्रदीप कुमार नायक ने पुस्तक के लेखन और प्रकाशन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। पुस्तक समीक्षक सुबल चंद्र साहू ने पुस्तक की लेखन शैली, शब्द विन्यास और विषयवस्तु पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता राजेंद्र सामल ने वर्तमान समय में पुस्तक लेखन, पठन-पाठन और ज्ञानार्जन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।मुख्य अतिथि भागवत पंडा ने भगवान जगन्नाथ के जीवन-दर्शन और उनकी महिमा पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन नलिन कुमार चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में रोटेरियन अमिताभ पटनायक, डॉ. चंद्रमोहन सिंह, संजीव कुमार दंडपाट, चित्तरंजन पलता, ज्योतिप्रकाश पंडा तथा फिल्म निर्माता एवं रोटेरियन शुभेंदु साहू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में योगदान दिया।