राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निगमायुक्त ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण, स्वास्थ्य, जलप्रदाय, राजस्व, भवन, स्थापना सहित सभी विभागों को लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सुश्री परिहार ने यह भी निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का संबंध एक से अधिक विभागों से है, उनमें बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने अनावश्यक रूप से प्रकरणों को एक विभाग से दूसरे विभाग में स्थानांतरित करने तथा लंबित रखने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी फॉलोअप करने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक संतुष्टि ही प्रशासनिक कार्यों की सफलता का सबसे बड़ा पैमाना है और इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।